कांकेर जिले के चरामा ग्राम पुरी पेट्रोल पम्प के पास अज्ञात शख्स का शव बरामद किया गया था. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में हत्या का एक सनस...
कांकेर जिले के चरामा ग्राम पुरी पेट्रोल पम्प के पास अज्ञात शख्स का शव बरामद किया गया था.
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिले के चरामा ग्राम पुरी पेट्रोल पम्प के पास अज्ञात व्यक्ति ने 1 अप्रैल की रात धारदार हथियार से हमला कर एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई थी. इस हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है. पुलिस का दावा है कि मृतक के साथी ने ही अवैध संबंध के चलते हत्याकांड को अंजाम दिया था. मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है.
पुलिस के मुताबिक, चरामा ग्राम बारगरी नयापारा निवासी जगन्नाथ नेताम पिता बुधारू राम नेताम (58) पुरी में बड़े भाई जगदीश नेताम के कृषि फार्म की देखरेख करता था. 2 अप्रैल को सुबह सात बजे जब जगदीश अपने कृषि फार्म में गया तो वहां झोपड़ीनुमा लॉरी के पास जगन्नाथ नेताम मृत अवस्था में खून से लथपथ पड़ा हुआ था. उसके जबड़े पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया था.
इसकी सूचना उसके द्वारा तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. पुलिस ने बताया कि आरोपी बैशाखराम नेताम (ग्राम पुरी निवासी) और मृतक जगन्नाथ नेताम का गांव की ही 55 वर्षीय विधवा से अवैध संबंध था. दोनों का महिला के घर में आना-जाना था.
पुलिस ने बताया कि घटना के दिन मृतक महिला के घर गया हुआ था, जहां शराब का सेवन कर वहां से वापस कृषि फार्म आ गया. वहीं, आरोपी भी कृषि फार्म में आ गया. दोनों आपस में बातचीत करने के बाद आरोपी मटन लेने पुरी बाजार चला गया. उसके बाद दोनों ने रात में मटन खाया और शराब पीया. खाना खाने के बाद दोनों में महिला से संबंध को लेकर जमकर झगड़ा हुआ. उसके बाद आरोपी बैशाख रात को अपने घर पुरी चला गया. वहां जगन्नाथ की हत्या का पूरी प्लानिंग कर घर से कुल्हाड़ी लेकर दो अप्रैल को आधी रात वह कृषि फार्म पहुंचा और जगन्नाथ को आवाज दी. जगन्नाथ के बाहर आने पर बैशाख ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी.

COMMENTS