राज ठाकरे की पार्टी मनसे का फैसला कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के लिए राहत की खबर है. महाराष्ट्र की राजनीति नई करवट लेने जा रही है. ...
राज ठाकरे की पार्टी मनसे का फैसला कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के लिए राहत की खबर है.

महाराष्ट्र की राजनीति नई करवट लेने जा रही है. गुरुवार (4 अप्रैल) का दिन कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के लिए बड़ी राहत की खबर लेकर आया है. राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने ऐलान किया है कि वह लोकसभा चुनावों में शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ( एनसीपी ) का समर्थन करेगी. इस ऐलान के साथ ही अब राज ठाकरे दोनों पार्टियों के प्रत्याशियों के लिए लोकसभा चुनाव में प्रचार भी करेंगे. राज ठाकरे उम्मीदवारों के समर्थन में महाराष्ट्र में 9 जगहों पर रैली करेंगे राज ठाकरे जिन जगहों पर सभा करेंगे उनमें नांदेड़, सतारा, सोलापुर, मावल, बारामती, उत्तर-पूर्व मुंबई, उत्तर मुंबई, उत्तर-मध्य मुम्बई और नासिक शामिल हैं.
साफ है कि राज ठाकरे की रैली का फायदा आघाडी (कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को मराठी में आघाडी कहते हैं) गठबंधन को मनसे वोटरों के वोट के रूप में मिलेगा. हालांकि, मनसे नेताओं का कहना है कि ये सभाएं बीजेपी और मोदी सरकार के खिलाफ होंगी, क्योंकि उनके दिन भर गए हैं और उन्हें गिराना है. राज ठाकरे जिन 9 जगहों पर बीजेपी के विरोध में और आघाडी के समर्थन में सभा करेंगे, उन जगहों में 4 कांग्रेस के और 5 एनसीपी के उम्मीदवार एनडीए के उम्मीदवारों के खिलाफ खड़े हैं.
नासिक और उत्तर मुम्बई क्षेत्र में मनसे की अच्छी पकड़ है, जिसका फायदा आघाडी गठबंधन को हो सकता है. बाकी जगहों पर सभा के लिए लगातार चर्चा जारी है. हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि राज ठाकरे पहली सभा की शुरुआत कहां से करेंगे.
मनसे नेताओं का कहना है कि जो आघाडी उम्मीदवार बीजेपी उम्मीदवारों के खिलाफ टक्कर देने की स्थिति में होगा, राज ठाकरे उसके लिए सभा करेंगे ताकि मनसे का भी वोट उसे मिले और बीजेपी को हार झेलनी पड़े.
इससे पहले ठाणे-पालघर के बीजेपी-सेना के करीब 1000 पदाधिकारी राज ठाकरे के आवास पहुचे और मनसे की सदस्यता ग्रहण की. इसमें बीजेपी के दो वर्तमान नगरसेवक भी शामिल हैं. मनसे नेताओं ने दावा किया कि वह भले ही लोकसभा चुनाव न लड़ रहे हों लेकिन लोगों को राज ठाकरे पर पूरा भरोसा है.
मनसे और कांग्रेस- एनसीपी आघाडी के समर्थन का सबूत उसी दिन सामने आ गया था,जब दादर में प्रचार करने पहुचे कांग्रेस उम्मीदवार एकनाथ गायकवाड़ के साथ मनसे नेता संदीप देशपांडे शामिल हुए थे. तभी से यह कयास लगाए जाने लगे थे कि गठबंधन भले न हुआ हो, मगर मनसे छिपे रूप से समर्थन कर रही है. अब देखना होगा कि इससे आघाडी गठबंधन को कितना फायदा होता है और एनडीए को कितना नुकसान।.
इन सीटों पर प्रचार करेंगे राज ठाकरे:
पूर्व मुम्बई - संजय दीना पाटिल (एनसीपी)
उत्तर मुम्बई - उर्मिला मातोंडकर (कांग्रेस)
उत्तर - मध्य मुम्बई - प्रिया दत्त ( कांग्रेस)
नांदेड़ - अशोक चव्हाण ( कांग्रेस )
सोलापुर - सुशील कुमार शिंदे ( कांग्रेस)
मावल - पार्थ पवार (एनसीपी)
सतारा - उदयनराजे भोसले ( एनसीपी)
बारामती -सुप्रिया सुले ( एनसीपी)
नासिक - समीर भुजबल ( एनसीपी)
COMMENTS